भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज़ का आखिरी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। शनिवार, 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया यह मैच बेनतीजा रहा और सीरीज़ 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई।
देर से शुरू हुआ मैच, 9-9 ओवर का खेल
बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मैच तय समय शाम 7 बजे शुरू नहीं हो सका। देरी की वजह से मुकाबला 9-9 ओवर का कर दिया गया। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी।
भारत की तेज बल्लेबाजी
भारत ने 7.4 ओवर में 5 विकेट पर 118 रन बना लिए थे। टीम ने 2.5 ओवर में 50 और 6.4 ओवर में 100 रन पूरे किए। ईशान किशन ने 10 गेंदों पर 30 रन, नमन धीर ने 6 गेंदों पर नाबाद 24, श्रेयस अय्यर ने 14 गेंदों पर 22 और संजू सैमसन ने 7 गेंदों पर 16 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए शमर स्प्रिंगर और कीमो पॉल ने 2-2 विकेट लिए। 7.4 ओवर के बाद बारिश फिर लौट आई और खेल दोबारा शुरू नहीं हो पाया।


