कन्नौज जिले के गुरसहायगंज में फर्रुखाबाद रोड पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। समधन और मलिकपुर के बीच ट्रक और डीजल से भरे टैंकर की आमने-सामने टक्कर में टैंकर चालक और उसके हेल्पर की मौत हो गई। ट्रक में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बॉडी काटकर निकाले गए
रिपोर्टों के मुताबिक हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। टैंकर डीजल लेकर रामाश्रम स्थित पेट्रोल पंप जा रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन एक-दूसरे में फंस गए। टैंकर में फंसे चालक और हेल्पर को टैंकर की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। टैंकर में डीजल होने के कारण एहतियातन फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।
मृतक और घायल
मृतकों की पहचान टैंकर चालक कमल सिंह, निवासी कर्कसा गांव, डलमऊ (रायबरेली) और हेल्पर अखिलेश सिंह यादव, निवासी बीलवाहट गांव, कुर्सी (बाराबंकी) के रूप में हुई है। घायलों में जगत राम (हरदोई), राहुल कुमार और अंबुज गोस्वामी शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।



