दिल्ली में IGI एयरपोर्ट के पास महिपालपुर इलाके में एक अमेरिकी महिला के नाले में गिरने का मामला सामने आया है। घटना नेशनल हाईवे 48 की सर्विस रोड के पास की है। आसपास मौजूद स्थानीय युवकों ने महिला को नाले से बाहर निकाला। इस दौरान सड़क पर करीब एक घंटे तक लोगों की भीड़ जुटी रही और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मदद करने वालों पर चिल्लाई महिला
वीडियो में दिख रहा है कि महिला नाले से निकालने की कोशिश कर रहे लोगों पर चिल्ला रही है। रिपोर्टों के मुताबिक उसने मदद करने आए लोगों से अपशब्द भी कहे। पुलिस के मुताबिक महिला अंग्रेजी में भजन गाते हुए नाले में उतर गई थी।
पुलिस बोली: महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ
पुलिस ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज पहले से चल रहा था। वह टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। वसंत कुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस ने अमेरिका में रह रहे उसके भाई से बात की और महिला को गोल्फ लिंक स्थित ईस्ट-वेस्ट अस्पताल में भर्ती कराया। दिल्ली पुलिस ने अमेरिकी दूतावास को भी सूचना दे दी है।


