नई दिल्ली: दिवाली के दिन जहां देशभर में लोग दीप जलाकर खुशियां मना रहे थे, वहीं पंजाब में खेतों में पराली जलाने की घटनाओं ने प्रदूषण की चिंता बढ़ा दी। राज्य में 8 नवंबर को एक ही दिन में पराली जलाने की 1,152 घटनाएं दर्ज की गईं। यह इस सीजन में एक दिन में सामने आया अब तक का सबसे बड़ा उछाल है।
इस बढ़ोतरी के साथ पंजाब में इस सीजन में खेतों में आग लगने की कुल घटनाओं का आंकड़ा बढ़कर 4,459 पहुंच गया है। खास बात यह है कि राज्य में करीब 91 प्रतिशत धान की कटाई पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद पराली जलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
तरनतारन में सबसे ज्यादा घटनाएं
पराली जलाने के मामले में तरनतारन जिला सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। यहां खेतों में आग लगने की 684 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 306 मामलों की मौके पर जांच के बाद पराली जलाने की पुष्टि हुई।
वहीं फिरोजपुर दूसरे स्थान पर रहा, जहां 592 घटनाएं दर्ज की गईं और 247 मामलों में पराली जलाने की पुष्टि हुई। इसके अलावा संगरूर, बठिंडा, फरीदकोट और मोगा जैसे जिलों में भी बड़ी संख्या में खेतों में आग लगाने की घटनाएं सामने आई हैं।
62.55 लाख रुपये का जुर्माना, लेकिन आधी ही वसूली
सरकार और प्रशासन की ओर से पराली जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक, अब तक पर्यावरणीय मुआवजे के रूप में 62.55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, लेकिन इसमें से केवल 32.60 लाख रुपये ही वसूले जा सके हैं। यानी कुल जुर्माने की करीब 52 प्रतिशत राशि की वसूली हुई है।



