ब्रिटेन की राजधानी लंदन में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को भारतीय उच्चायोग (इंडिया हाउस) के बाहर दो अलग-अलग जमावड़े देखने को मिले। एक तरफ कुछ संगठनों ने भारत के चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन किया, तो दूसरी तरफ भारतीय समुदाय के लोग तिरंगा लेकर पहुंचे और राष्ट्रगान गाया। लोकतंत्र लाइव टीवी के वीडियो में लोग सावधान की मुद्रा में खड़े होकर "जन गण मन" गाते और तिरंगा लहराते दिख रहे हैं।
किसने किया प्रदर्शन
रिपोर्टों के मुताबिक प्रदर्शन का आयोजन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI UK) ने किया था और इसमें साउथ एशिया सॉलिडैरिटी ग्रुप, इंडियन वर्कर्स एसोसिएशन और SOAS अंबेडकर सोसाइटी जैसे समूह भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाए और SIR बंद करने की मांग की।
भारतीय समुदाय का जवाब
इसी दौरान लंदन में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में जवाबी जमावड़ा किया। उनका कहना था कि विदेश की धरती पर देश की छवि खराब नहीं होने दी जाएगी। इसी दिन दिल्ली के कनॉट प्लेस में भी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने "लहरा दो तिरंगा" मार्च का आह्वान किया था।


