दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और शोभायात्राओं को देखते हुए लखनऊ में आज, मंगलवार 20 अक्टूबर और कल, बुधवार 21 अक्टूबर को ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। डायवर्जन दोनों दिन सुबह 8 बजे से विसर्जन खत्म होने तक रहेगा। डीसीपी ट्रैफिक अर्पित विजयवर्गीय ने यह प्लान जारी किया है। घर से निकलने से पहले रूट जरूर देख लें।
इन रास्तों पर रहेगी रोक
- कैसरबाग बस अड्डा, परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा और झूलेलाल पार्क की ओर सामान्य वाहन नहीं जा सकेंगे।
- हजरतगंज से सुभाष चौराहा होते हुए हनुमान सेतु और आईटी चौराहा की ओर यातायात बंद रहेगा।
- हनुमान सेतु और नदवा बंधा तिराहा से झूलेलाल पार्क रोड की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
- महाराणा प्रताप चौराहा से बंगाली क्लब और हिवेट रोड की ओर सामान्य यातायात नहीं जाएगा।
ये हैं वैकल्पिक रास्ते
कैसरबाग बस अड्डा जाने वाली बसें: अयोध्या रोड की ओर से कमता तिराहा, विजयीपुर अंडरपास, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समता मूलक चौराहा, 1090 चौराहा, बालू अड्डा, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील, क्लार्क अवध तिराहा और सीडीआरआई तिराहा होकर कैसरबाग पहुंचेंगी। रोडवेज और सिटी बसें मड़ियांव, पुरनिया, डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग, पक्का पुल और शाहमीना तिराहा होकर भी जा सकती हैं।
सुभाष चौराहा जाने वाले वाहन: क्लार्क अवध तिराहा से चिरैयाझील, सहारागंज या संकल्प वाटिका ओवरब्रिज होकर डालीगंज पुल या डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग से जा सकते हैं। निशातगंज जाने के लिए डालीगंज या आईटी चौराहा से बाएं मुड़ें।



