राजधानी लखनऊ में आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर कैंडल मार्च निकालकर फिरोजाबाद की एक युवती को न्याय दिलाने की मांग की। दीपावली के दिन निकाले गए इस कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
क्या है आरोप
पार्टी नेताओं ने लोकतंत्र लाइव टीवी से बातचीत में आरोप लगाया कि फिरोजाबाद में युवती के साथ गैंगरेप किया गया, उसके गले की हड्डी और दोनों हाथ तोड़ दिए गए। नेताओं के मुताबिक इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। उनका कहना है कि मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन बाकी आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
सरकार पर सवाल
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार बेटियों की सुरक्षा के दावे करती है, लेकिन प्रदेश के कई जिलों में ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वंचित समाज के लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है और कार्रवाई ढीली है। पार्टी नेताओं ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर यह कैंडल मार्च निकाला गया और सरकार को ज्ञापन सौंपा गया।


