दिल्ली में आज दिलजीत दोसांझ का म्यूजिक धमाका! रात 10 बजे तक ही चलेगा कॉन्सर्ट, JLN स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग पर पाबंदी; मेट्रो से पहुंचने की अपील, जानिए किन रास्तों पर बढ़ेगी परेशानी?
Diljit Dosanjh Concert 2026: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने शानदार संगीत से दिल्ली के फैंस को झूमने पर मजबूर करने के लिए तैयार हैं। 30 अक्टूबर को राजधानी के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में उनके ‘रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026’ का पहला कॉन्सर्ट आयोजित किया जा रहा है। ‘लवर’, ‘इक कुड़ी’ और ‘नैना’ जैसे लोकप्रिय गानों के दीवानों में इस कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है। हालांकि, कॉन्सर्ट के चलते दिल्ली की सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को कई जरूरी निर्देश दिए हैं।
रात 10 बजे तक ही चलेगा कॉन्सर्ट
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाला यह म्यूजिक इवेंट रात 10 बजे तक ही चलेगा। आयोजकों को कार्यक्रम के लिए इसी समय तक की अनुमति मिली है। ऐसे में कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शकों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
स्टेडियम में पार्किंग की सुविधा नहीं
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों के लिए स्टेडियम के आसपास सार्वजनिक पार्किंग की व्यवस्था नहीं होगी। ऐसे में निजी वाहनों से आने वाले दर्शकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दिलजीत दोसांझ ने भी अपने प्रशंसकों से निजी गाड़ियों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है।
सिंगर ने सोशल मीडिया पर एडवाइजरी से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए मेट्रो से आने की सलाह दी है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो की सेवाएं रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगी, जिससे कॉन्सर्ट के बाद घर लौटने वाले दर्शकों को सुविधा मिल सकती है।
इन रास्तों पर जाने से बचें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट के मद्देनजर स्टेडियम के आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका जताई है। पुलिस ने लोगों को इन रास्तों से बचने या यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी है।
प्रभावित हो सकने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल हैं:
भीष्म पितामह मार्ग
लाला लाजपत राय मार्ग
चौथी और पांचवीं एवेन्यू रोड
लोधी रोड
सीजीओ कॉम्प्लेक्स के आसपास का इलाका
लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कें
आर्कबिशप मकारियोस मार्ग
यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे में इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
दिल्ली से शुरू होगा ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’
दिलजीत दोसांझ का ‘रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026’ दिल्ली से शुरू हो रहा है। इसके बाद सिंगर देश के अलग-अलग शहरों में लाइव परफॉर्मेंस देंगे। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई और 29 नवंबर को बेंगलुरु में उनका शो प्रस्तावित है। वहीं, 5 दिसंबर को लखनऊ में भी दिलजीत दोसांझ की परफॉर्मेंस होगी।
पहले अनुमति को लेकर बना था असमंजस
दिल्ली में दिलजीत के कॉन्सर्ट को लेकर पहले अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद पुलिस और आयोजकों के बीच कई दौर की बैठकें हुईं और अंततः दिल्ली पुलिस ने कॉन्सर्ट को मंजूरी दे दी।
फिलहाल, 30 अक्टूबर को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए फैंस में खासा उत्साह है। अगर आप भी कॉन्सर्ट में शामिल होने जा रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें। निजी वाहन ले जाने से बचें, मेट्रो को प्राथमिकता दें और स्टेडियम पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें।