करीना कपूर के शो में मीरा राजपूत ने खोला राज, तीसरे बच्चे की प्लानिंग पर दिया दो टूक जवाब!
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान और शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत इन दिनों अपने एक खास बातचीत को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों हाल ही में करीना के चर्चित चैट शो 'What Women Want' के छठे सीजन में एक साथ नजर आईं। शो का नया प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। इसकी वजह मीरा राजपूत का तीसरे बच्चे को लेकर दिया गया जवाब है। दरअसल, करीना ने बातचीत के दौरान मीरा से पूछा कि उनके बारे में अब तक की सबसे बेवकूफी भरी अफवाह कौन सी रही है? इस पर मीरा ने बताया कि उनके और शाहिद कपूर के तीसरे बच्चे को लेकर अफवाह उड़ाई जा रही थी।
मीरा की बात सुनकर करीना ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'You might', यानी हो सकता है कि ऐसा हो। लेकिन मीरा ने बिना देर किए जवाब दिया, 'No way, we are done' यानी बिल्कुल नहीं, हमारा परिवार पूरा हो चुका है। मीरा के इस जवाब ने तीसरे बच्चे की प्लानिंग को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया। बता दें कि शाहिद कपूर और मीरा राजपूत की शादी साल 2015 में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटी मीशा और बेटा जैन। यह कपल अक्सर अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करता है।
इस बातचीत का एक और दिलचस्प पहलू करीना और मीरा की मुलाकात रही। दरअसल, करीना कपूर और शाहिद कपूर एक समय बॉलीवुड के चर्चित कपल रहे हैं। दोनों ने साल 2004 में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था और 2007 में अलग हो गए थे। इसके बाद करीना ने 2012 में सैफ अली खान से शादी की, जबकि शाहिद ने 2015 में मीरा राजपूत के साथ सात फेरे लिए। करीना ने शो के दौरान खुद को मजाकिया अंदाज में 'Wannabe Bollywood Wife' भी बताया। वहीं मीरा ने शादीशुदा जिंदगी को लेकर कुछ दिलचस्प सलाह भी साझा की। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी को साल की शुरुआत में अपनी पसंद की चीजों की एक लिस्ट बना लेनी चाहिए, ताकि पार्टनर को पता रहे कि उन्हें क्या चाहिए।



