सारा अली खान के केदारनाथ दर्शन पर विवाद, मौलाना ने जारी किया फतवा
बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान एक बार फिर धार्मिक विवाद को लेकर चर्चा में आ गई हैं। उत्तराखंड स्थित केदारनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-पाठ करने के बाद बरेली के मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उनके खिलाफ फतवा जारी किया है। मौलाना ने कहा कि इस्लामी शरीयत के मुताबिक किसी मुसलमान का दूसरे धर्म के धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा करना जायज नहीं है। उन्होंने सारा अली खान के मंदिर में पूजा करने को हराम बताते हुए अल्लाह से माफी मांगने और तौबा करने की सलाह दी है।

दरअसल, सारा अली खान 25 अक्टूबर को केदारनाथ धाम पहुंची थीं। इस दौरान वह मंदिर में दर्शन के लिए कतार में खड़ी नजर आईं और उन्होंने हाथ जोड़कर पूजा-अर्चना की। बताया जा रहा है कि उन्होंने मंदिर में पूजा और आरती में भी हिस्सा लिया। सारा का केदारनाथ से पुराना जुड़ाव रहा है। साल 2018 में फिल्म 'केदारनाथ' से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद से वह कई बार बाबा केदार के दर्शन करने पहुंच चुकी हैं।

इस पूरे मामले में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रंगार ने भी जानकारी दी है कि गैर-हिंदू श्रद्धालुओं के मंदिर में पूजा करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत सारा अली खान की टीम ने जरूरी शपथ-पत्र जमा कराया था। वहीं, इस फतवे को लेकर धार्मिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है। दूसरी ओर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने फतवा जारी करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी पसंद के धार्मिक स्थल पर जाने का अधिकार है। फिलहाल सारा अली खान या उनकी टीम की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।