सुलतानपुर। शहर के आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी ने अपने ही शाखा के मैनेजर आनंद पांडेय के खिलाफ यौन उत्पीड़न के प्रयास व धमकी समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला कर्मचारी ने बैंक मैनेजर का कथित रूप से सहयोग करने वाले सह बैंककर्मी पंकज सिंह का भी नाम मुकदमें में शामिल किया है। करीब एक सप्ताह पहले दर्ज हुए इस मामले के सम्बंध में महिला थाना प्रभारी हंसमती ने बताया कि जाँच जारी है। मामले में साक्ष्य के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला कर्मचारी ने शहर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के ब्रांच मैनेजर आनंद पांडेय एवं सह कर्मी पंकज सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए गत 17 अक्टूबर को महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला कर्मचारी के आरोप के मुताबिक उनके पति से उनका विवाद चल रहा है,जिसकी वजह से उन पर ही स्वयं व अपने बच्चे की जिम्मेदारी है। आरोप के मुताबिक उनके महिला होने का नाजायज फायदा उठाकर उनके ब्रांच मैनेजर आनंद पांडेय विगत कई महीनो से उनके निजी जीवन से जुड़े सवाल पूंछकर परेशान करते रहे। महिला कर्मी के मुताबिक उन्हें डिप्टी मैनेजर के पद पर प्रमोशन कराने का झांसा दिया गया और उन्हें बैड टच करते हुए शारीरिक संबंध बनाने का भी प्रयास किया गया। महिला कर्मचारी ने शाखा प्रबंधक के खिलाफ कई बार इस तरीके की हरकत करने व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने,उनकी बात नहीं मानने पर डिमोशन करवा देने व जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य गंभीर आरोप लगाए है। महिला कर्मचारी के मुताबिक ब्रांच मैनेजर ने सह बैंककर्मी पंकज सिंह के साथ मिलकर साजिशन उनके मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजकर और उसे डिलीट कर परेशान किए। आरोप के मुताबिक महिला कर्मी के पति के गृह जनपद में ट्रांसफर करा देने एवं नौकरी से इस्तीफा के लिए मजबूर कर देने का भी आरोप लगाया गया है। महिला कर्मचारी के मुताबिक उन्होंने विभागीय स्तर पर भी शाखा प्रबंधक के खिलाफ शिकायत की थी पर उनके प्रभाव के आगे कोई सुनवाई नहीं हुई। फिलहाल महिला कर्मचारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर महिला थाना प्रभारी ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।