अंबेडकरनगर। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। जैतपुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 85 के पास यात्रियों से भरी एक वॉल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
तड़के करीब 5:30 बजे मिली सूचना
पुलिस को सुबह करीब 5:30 बजे यूपी-112 के जरिए हादसे की सूचना मिली। जैतपुर पुलिस और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बस बिहार जा रही थी।
घायल मेडिकल कॉलेज रेफर
घायलों को पहले नज़दीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना।



