सुप्रीम कोर्ट में अवमानना मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। मंगलवार, 17 नवंबर को संजय राउत व्यक्तिगत रूप से सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए, जबकि पत्रकार निखिल वागले ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई में शामिल हुए। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने दोनों की ओर से दाखिल किए गए माफीनामे को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और बेहतर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया। अदालत ने साफ कहा कि माफी केवल कागज पर लिख देने से नहीं होती, बल्कि वह दिल से आनी चाहिए। कोर्ट ने दोनों को 8 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का भी निर्देश दिया है।
दरअसल, यह पूरा मामला न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है। अक्टूबर महीने में मुख्य न्यायाधीश की ओर से राहुल गांधी और विपक्ष के कुछ अन्य नेताओं को मुलाकात का समय नहीं दिए जाने के बाद निखिल वागले और संजय राउत की टिप्पणियां सामने आई थीं। आरोप है कि वागले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जबकि संजय राउत ने न्यायाधीशों पर पक्षपात के आरोप लगाए थे। इन टिप्पणियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन यानी SCBA ने अवमानना याचिका दाखिल की थी। इसके बाद 16 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान दोनों की ओर से माफी मांगते हुए हलफनामे दाखिल किए गए थे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने इन माफीनामों का विरोध किया। SCBA के अध्यक्ष प्रदीप राय ने संजय राउत के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि अदालत का नोटिस जारी होने के बाद भी उन्होंने 19 अक्टूबर को अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट को जलाए जाने से जुड़ी तस्वीर पोस्ट की थी, जिसका उल्लेख उनके माफीनामे में नहीं किया गया। वहीं, SCBA के उपाध्यक्ष राहुल कौशिक ने निखिल वागले की ओर से इस्तेमाल की गई कथित आपत्तिजनक भाषा का मुद्दा उठाया और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की।




