UP SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 13.58 करोड़ मतदाता, 17 नवंबर से दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू
यूपी की मतदाता सूची में बढ़े 18.84 लाख नाम, फिर भी प्री-SIR आंकड़े से 1.85 करोड़ कम वोटर
उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। 17 नवंबर 2026 को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के मुताबिक प्रदेश में अब कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं। अप्रैल 2026 में जारी अंतिम सूची के मुकाबले इस बार मतदाताओं की संख्या में करीब 18 लाख 84 हजार की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले अक्टूबर 2025 में दर्ज मतदाताओं की संख्या के मुकाबले अभी भी करीब 1 करोड़ 85 लाख मतदाता कम हैं।
आंकड़ों पर नजर डालें तो अक्टूबर 2025 में SIR से पहले उत्तर प्रदेश में करीब 15.44 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 27 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हुई। 6 जनवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर लगभग 12.56 करोड़ रह गई थी। इस दौरान करीब 2.88 करोड़ नाम सूची से हटाए गए थे।
इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में दोबारा संशोधन किया गया। 10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर करीब 13.39 करोड़ पहुंच गई। वहीं, 7 अक्टूबर 2026 तक यह आंकड़ा करीब 13.46 करोड़ दर्ज किया गया। अब 17 नवंबर को जारी नई ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर लगभग 13.58 करोड़ हो गई है।
नए आंकड़ों से साफ है कि अप्रैल की अंतिम सूची के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में इजाफा हुआ है, लेकिन SIR से पहले के आंकड़े तक पहुंचने में अभी भी बड़ा अंतर बना हुआ है। अब 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी किए जाने का कार्यक्रम है।
ऐसे में आने वाले दिनों में यह प्रक्रिया अहम रहने वाली है। जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या जिनके नाम, पते अथवा अन्य विवरण में गलती है, वे निर्धारित अवधि में संबंधित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। अंतिम सूची जारी होने के बाद ही उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।