अंबेडकरनगर जिले में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे के बाद अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी, बारिश और कई जगह ओलावृष्टि से सम्मनपुर, राजेसुल्तानपुर, अकबरपुर-टांडा मार्ग, दहीरपुर, सिकंदरपुर, जलालपुर, भीटी और आलापुर क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए और घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
खड़ी कार पर गिरा पोल
दहीरपुर के पास अर्जुन का एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे बिजली के तार टूट गए और एक पोल वहां खड़ी कार पर जा गिरा। अकबरपुर-टांडा मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। अकबरपुर शहर में कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, डीएम कार्यालय, अयोध्या रोड और पटेल चौक के आसपास जलभराव हो गया।
धान किसानों की बढ़ी चिंता
सम्मनपुर क्षेत्र के सैदापुर और राजेसुल्तानपुर के कई गांवों में ओले गिरे। टांडा के एक किसान ने बताया कि पिछली आंधी में ही उनकी धान की फसल गिर चुकी थी और इस बारिश ने बची फसल भी बर्बाद कर दी। ब्राहिमपुर के एक किसान के दो बीघा धान में से आधी फसल बिछ गई।



