बहराइच। जनपद बहराइच में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरगाह थाना क्षेत्र के बरादरी मोहल्ले में एक युवक पर घर में घुसकर चार महिलाओं पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
चारों महिलाएं गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हमले में चारों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने क्या बताया
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने घर में जाकर एक महिला पर चाकू से वार किया। घर में उस समय महिला के साथ उसकी मां, नानी और छोटी बहन भी मौजूद थीं। सभी घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका प्राथमिक इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी उसी मोहल्ले का बताया जा रहा है और पीड़ित परिवार को जानता है। अधिकारी ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी पड़ताल की जा रही है।



