1. छठ पूजा का सामान लेने निकले ससुर-दामाद, रास्ते में हुआ भीषण हादसा, दो परिवारों में पसरा मातम
सिद्धार्थनगर में छठ महापर्व की खुशियों के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। लोटन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करुआवल के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। एक घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर महाराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धनरामपुर निवासी 40 वर्षीय मनोहर पुत्र हरिराम अपने ससुर सिद्धार्थनगर जनपद के ककरामा निवासी लगभग 50 वर्षीय चिनक लोधी पुत्र प्रहलाद के साथ सवार थे। बताया जा रहा है कि मनोहर अपने ससुराल आए हुए थे और छठ पूजा का सामान खरीदने के लिए अपने ससुर के साथ नौगढ़ मुख्यालय जा रहे थे।
वहीं, दूसरी बाइक पर महाराजगंज जनपद के नौतनवा थाना क्षेत्र के बरवा भोज निवासी लगभग 20 वर्षीय आकाश कुमार गौड़ और 17 वर्षीय अंकित गौड़ सवार थे। दोनों आपस में मित्र बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों सिद्धार्थनगर में अपनी मौसी और बुआ से मुलाकात करने के बाद अपने गांव महाराजगंज वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान लोटन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करुआवल के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में चारों लोग घायल हो गए। स्थानीय स्तर पर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए चारों को मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान चिनक लोधी और आकाश कुमार गौड़ की मौत हो गई। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मनोहर को बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है। 17 वर्षीय अंकित गौड़ का उपचार मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में जारी है। उसकी हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।
इस हादसे का दुखद पहलू यह है कि आज छठ महापर्व है। शाम को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। घरों में पूजा की तैयारियां चल रही थीं। एक तरफ मनोहर अपने ससुर के साथ छठ पूजा का सामान लेने निकले थे, तो दूसरी तरफ दो मित्र अपने रिश्तेदारों से मिलकर घर लौट रहे थे।
लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। दो लोगों की मौत की खबर से संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छठ महापर्व के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस की ओर से हादसे के कारणों और आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।