इटावा। आगरा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर इटावा में सफर जोखिम भरा हो गया है। मानिकपुर मोड़ से सैफई चौराहे तक करीब सात किलोमीटर के हिस्से में 20 से ज़्यादा बड़े गड्ढे हैं। तेज़ रफ्तार से आने वाले वाहनों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ रहे हैं।
तीन फ्लाईओवर, तीनों पर खराब सड़क
इस हिस्से में मानिकपुर मोड़, भरथना चौराहा और सैफई चौराहा पर तीन फ्लाईओवर हैं। इन फ्लाईओवरों पर भी सड़क की परत उखड़ चुकी है। कुछ महीने पहले यहां पैचवर्क कराया गया था, लेकिन हालिया बारिश में वह भी उखड़ गया और गिट्टी दोनों लेन पर बिखर गई है।
दोपहिया सवारों को सबसे ज़्यादा खतरा
गड्ढों से बचने के चक्कर में बाइक और स्कूटी सवार संतुलन खो देते हैं। बिखरी गिट्टी पर फिसलने का डर रहता है। अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहे ट्रक और बसों से टकराने का खतरा बना रहता है। रात में गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।




