सोमवार, 23 नवंबर 2026
लोकतंत्र लाइव टीवी लोगो
ब्रेकिंग

IPL से एमएस धोनी का संन्यास! अब खिलाड़ी नहीं बल्कि मेंटर की भूमिका में आएंगे नजर, CSK ने IPL 2027 के लिए किया बड़ा ऐलान

थाला का 18 साल का IPL सफर खत्म! CSK ने धोनी को सौंपी नई जिम्मेदारी, अब युवा खिलाड़ियों को देंगे गुरुमंत्र

Deepika

• Sr. Video Editor, Lucknow

5 मिनट Lucknow

शेयर करें:
IPL से एमएस धोनी का संन्यास! अब खिलाड़ी नहीं बल्कि मेंटर की भूमिका में आएंगे नजर, CSK ने IPL 2027 के लिए किया बड़ा ऐलान

भारतीय क्रिकेट के सबसे चहेते खिलाड़ियों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान और क्रिकेट जगत के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी ने आईपीएल में अपने खिलाड़ी के रूप में सफर को अलविदा कह दिया है। अब धोनी मैदान पर खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी के साथ नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि धोनी आईपीएल 2027 से टीम के मेंटर की भूमिका निभाएंगे।

इस घोषणा के साथ ही आईपीएल में धोनी के 18 साल लंबे खिलाड़ी के सफर का अंत हो गया है। हालांकि, धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स से रिश्ता खत्म नहीं होगा। वह टीम के साथ बने रहेंगे और अपने अनुभव से खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। CSK के इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। जहां कुछ प्रशंसक उनके संन्यास से भावुक हैं, वहीं कई लोग उन्हें नई भूमिका में देखने के लिए उत्साहित हैं।

CSK ने सोशल मीडिया पर किया आधिकारिक ऐलान

चेन्नई सुपर किंग्स ने 17 नवंबर को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर धोनी की नई भूमिका की जानकारी साझा की। फ्रेंचाइजी ने उन्हें असाधारण खिलाड़ी बताते हुए कहा कि अब वह टीम के मेंटर के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।

टीम ने अपने संदेश में लिखा कि एक ऐसा खिलाड़ी जो जिंदगी में एक बार मिलता है, अब नई भूमिका में नजर आएगा। अनगिनत जीत, मुश्किल दौर और ऐसी यादों के साथ जो हमेशा दिलों में रहेंगी, एमएस धोनी शुरुआत से ही टीम की यात्रा का अहम हिस्सा रहे हैं। टीम को खिताब दिलाने से लेकर अगली पीढ़ी के सुपर किंग्स को मार्गदर्शन देने तक, धोनी हमेशा टीम की पहचान बने रहेंगे और चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा।

इस ऐलान के बाद साफ हो गया है कि धोनी अब आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेलेंगे, बल्कि टीम के भविष्य को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

18 साल तक IPL में रहा धोनी का दबदबा

महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल करियर किसी मिसाल से कम नहीं रहा है। साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन से ही वह इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे। शुरुआत से ही उनकी कप्तानी और खेल को लेकर अलग पहचान बनी। धोनी ने अपनी शानदार रणनीति, शांत स्वभाव और मुश्किल परिस्थितियों में फैसले लेने की क्षमता से चेन्नई सुपर किंग्स को एक मजबूत टीम बनाया।

धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने कुल 226 मुकाबलों में कप्तानी की, जिनमें टीम को 133 मैचों में जीत मिली। उनका जीत प्रतिशत 58.84 रहा। आईपीएल में 100 से ज्यादा मुकाबले जीतने वाले कप्तानों में वह सबसे आगे रहे हैं।

धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में ट्रॉफी जीती। इन सभी खिताबी जीतों में धोनी की भूमिका बेहद अहम रही।

धोनी के बिना अधूरी थी CSK की पहचान

चेन्नई सुपर किंग्स और महेंद्र सिंह धोनी का रिश्ता सिर्फ एक खिलाड़ी और टीम का नहीं रहा, बल्कि दोनों एक-दूसरे की पहचान बन चुके हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना किया और शानदार वापसी भी की।

साल 2022 में धोनी ने कप्तानी छोड़कर रविंद्र जडेजा को जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने दोबारा कप्तानी संभाल ली। इसके बाद 2023 में चेन्नई ने एक बार फिर खिताब जीतकर इतिहास रचा।

2023 सीजन के बाद धोनी ने कप्तानी की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी। हालांकि, इसके बाद चेन्नई की टीम लगातार संघर्ष करती नजर आई और पिछले कुछ सीजन में प्लेऑफ तक पहुंचने में भी सफल नहीं रही।

IPL 2026 में एक भी मैच नहीं खेल पाए थे माही

धोनी के आईपीएल करियर के अंत की एक बड़ी वजह उनकी फिटनेस संबंधी परेशानियां भी मानी जा रही हैं। पिंडली की चोट के कारण वह आईपीएल 2026 के पूरे सीजन में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे। टीम में शामिल होने के बावजूद वह मैदान पर नहीं उतर सके।

इससे पहले अक्टूबर में धोनी ने आईपीएल 2027 में खेलने को लेकर कहा था कि वह दिसंबर से पहले अपनी फिटनेस का आकलन करेंगे। उन्होंने मेडिकल टेस्ट और डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर अगला फैसला लेने की बात कही थी।

लेकिन अब CSK के आधिकारिक ऐलान ने उनके खिलाड़ी के रूप में आईपीएल करियर पर विराम लगा दिया है। फैंस के लिए यह एक भावुक पल है, क्योंकि धोनी को लंबे समय से चेन्नई की जर्सी में खेलते देखने की आदत रही है।

अब युवा खिलाड़ियों को तैयार करेंगे धोनी

मेंटर के रूप में धोनी की भूमिका चेन्नई सुपर किंग्स के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल का लंबा अनुभव है। दबाव में मैच जीतने की रणनीति, खिलाड़ियों का सही इस्तेमाल और मुश्किल परिस्थितियों में शांत रहकर फैसले लेना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है।

अब धोनी इसी अनुभव को टीम के युवा खिलाड़ियों के साथ साझा करेंगे। उनकी मौजूदगी से टीम के खिलाड़ियों को मानसिक मजबूती और रणनीतिक मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।

खासकर आईपीएल 2027 को देखते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह बदलाव अहम हो सकता है। टीम को एक बार फिर खिताब की दौड़ में मजबूत वापसी करनी है और इसमें धोनी का अनुभव बड़ी भूमिका निभा सकता है।

खिलाड़ी के रूप में विदाई, लेकिन CSK से रिश्ता हमेशा रहेगा

एमएस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से साल 2020 में संन्यास लिया था। इसके बाद वह आईपीएल में लगातार खेलते रहे और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अपना योगदान देते रहे। अब आईपीएल से खिलाड़ी के रूप में विदाई के साथ उनके करियर का एक बड़ा अध्याय समाप्त हो गया है।

हालांकि, धोनी के लिए चेन्नई सिर्फ एक फ्रेंचाइजी नहीं रही है। यहां के फैंस ने उन्हें 'थाला' नाम दिया और उन्हें हमेशा दिलों में जगह दी। अब देखना होगा कि मेंटर के रूप में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स को किस तरह नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं और क्या उनकी नई भूमिका में टीम एक बार फिर आईपीएल ट्रॉफी जीतने में सफल हो पाती है।

शेयर करें:

ये भी पढ़ें

और देखें →