आईआईटी नहीं, NIT वारंगल के छात्र ने हासिल किया 1 करोड़ का पैकेज, कंप्यूटर साइंस नहीं इस ब्रांच में मिला बड़ा ऑफर
इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले युवाओं के बीच अक्सर कंप्यूटर साइंस ब्रांच को बेहतर प्लेसमेंट और मोटी सैलरी के लिए पसंद किया जाता है, लेकिन NIT वारंगल के एक छात्र ने साबित कर दिया है कि करोड़ों का पैकेज हासिल करने के लिए कंप्यूटर साइंस की डिग्री होना जरूरी नहीं है। संस्थान के इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) ब्रांच के छात्र मोहम्मद नाहिल नशवान को 1 करोड़ रुपये का घरेलू जॉब ऑफर मिला है। वहीं, इसी प्लेसमेंट सीजन में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) के छात्र नारायण त्यागी ने 1.27 करोड़ रुपये का पैकेज हासिल किया। NIT वारंगल की इस उपलब्धि ने इंजीनियरिंग की दूसरी ब्रांचों में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए भी नई उम्मीद जगाई है। यह सफलता बताती है कि बेहतर तकनीकी कौशल, मेहनत और सही अवसर के दम पर इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी ब्रांचों के विद्यार्थी भी बड़ी कंपनियों में शानदार पैकेज हासिल कर सकते हैं।



