लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम बेहता नाले में डूबने से एक युवक लापता हो गया। तरौना गांव निवासी सूरज अपने दोस्त की भैंस को नाले से निकालने के लिए मदद करने पहुंचा था। वह कमर में जूट की रस्सी बांधकर पानी में उतरा, लेकिन अचानक हाथ से रस्सी छूट गई और वह तेज बहाव व भंवर में फंसकर गहरे पानी में समा गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक सूरज का कोई सुराग नहीं मिला। नाले में जलकुंभी होने के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आई। एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक, युवक की तलाश के लिए टीमों ने प्रयास किए। ग्रामीणों का दावा है कि 11 दिनों के भीतर बेहता नाले में डूबने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 27 और 29 सितंबर को भी दो लोगों की डूबने से मौत हो गई थी।
परिजनों के मुताबिक, सूरज करीब 23 दिन पहले पुणे से घर लौटा था और इस बार दिवाली परिवार के साथ मनाने की योजना बना रहा था। वह परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके लापता होने की खबर से मां दुलारी, छोटे भाई राज और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने नाले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।








