अयोध्या। राम मंदिर में दर्शन के दौरान गुरुवार दोपहर मलेशिया से आए दो श्रद्धालु गर्मी के कारण अचानक बेहोश हो गए। मलेशिया से 25 श्रद्धालुओं का दल रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आया था। वीआईपी दर्शन मार्ग से आगे बढ़ते समय 54 वर्षीय कादिर और 45 वर्षीय शीलन की तबीयत बिगड़ गई और दोनों बेहोश होकर गिर पड़े।
सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दोनों को संभाला और मंदिर परिसर के तीर्थयात्री सेवा केंद्र में बने अस्पताल पहुंचाया। वहां करीब एक घंटे के इलाज के बाद दोनों की हालत सामान्य हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों अब ठीक हैं।
दल ने की मदद की तारीफ
दर्शन के बाद जब दल के बाकी सदस्यों को दोनों साथी नहीं मिले तो वे घबरा गए, क्योंकि कादिर देख नहीं सकते। मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारियों ने दोनों को दल से मिलवाया और होटल तक भेजने का इंतज़ाम किया। दल के सदस्यों ने मंदिर कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की तत्परता की तारीफ की।








