स्वास्थ्य के मोर्चे पर सुल्तानपुर जिले ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आबादी के अनुपात में सबसे ज्यादा आभा (ABHA) आईडी बनाने में सुल्तानपुर प्रदेश में अव्वल रहा। इस उपलब्धि के लिए जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण को सम्मानित किया गया।
लखनऊ में हुआ सम्मान
बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सीएमओ डॉ. भारत भूषण को सम्मानित किया। जिले की स्वास्थ्य टीम, आशा कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों की मेहनत को इस सफलता का श्रेय दिया जा रहा है।
क्या है आभा कार्ड
आभा यानी आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट 14 अंकों की एक डिजिटल हेल्थ आईडी है। इससे मरीज की जांच रिपोर्ट, पर्चे और इलाज का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में एक जगह सुरक्षित रहता है।



