वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast ने भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में उतरने की तैयारी तेज कर दी है। कंपनी ने 15 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 34 शहरों में 50 से ज्यादा इलेक्ट्रिक दोपहिया शोरूम खोलने के लिए डीलर पार्टनर्स के साथ शुरुआती समझौते किए हैं
वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast भारत में अपने कारोबार का विस्तार करने की तैयारी में है। 2025 में इलेक्ट्रिक कारों के साथ भारतीय बाजार में कदम रखने वाली कंपनी अब इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में भी उतरने की योजना बना रही है। इसके लिए कंपनी ने 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 50 से ज्यादा संभावित डीलर पार्टनर्स के साथ लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) पर हस्ताक्षर किए हैं।
15 राज्यों में तैयार होगा डीलर नेटवर्क
VinFast की योजना शुरुआती चरण में 34 शहरों में 50 से ज्यादा शोरूम खोलने की है। प्रस्तावित नेटवर्क उत्तर भारत में दिल्ली-NCR, राजस्थान और पंजाब; मध्य भारत में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़; पश्चिम में महाराष्ट्र और गुजरात; दक्षिण में कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश तक फैलाया जाएगा। वहीं, पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल और ओडिशा को शामिल करने की योजना है। LOI डीलरशिप शुरू करने के इरादे को औपचारिक रूप देता है, लेकिन इसे शोरूम खुलने की अंतिम पुष्टि नहीं माना जाना चाहिए।
भारत में आ सकते हैं तीन इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर
कंपनी ने अभी भारतीय बाजार के लिए लॉन्च होने वाले मॉडलों के नाम और लॉन्च की तारीख का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। हालांकि, शुरुआती योजना में तीन इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर शामिल बताए गए हैं। इनमें VinFast Viper प्रमुख है, जिसका भारत में पेटेंट कराया जा चुका है। वियतनाम में उपलब्ध Viper में 3 kW की इलेक्ट्रिक मोटर और 4.8 kWh की बैटरी दी जाती है।
67 bhp तक की पावर वाली इलेक्ट्रिक बाइक की भी चर्चा
VinFast ने एक लो-स्लंग इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल का पेटेंट भी कराया है, जिसका डिजाइन कंपनी के Sulad कॉन्सेप्ट से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके संभावित प्रोडक्शन मॉडल में 67 bhp तक की पावर और 130 kmph की टॉप स्पीड मिल सकती है। हालांकि, कंपनी ने इन आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है। VinFast Viper और इस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के पेटेंट जुलाई 2026 में भारत में कराए जाने की जानकारी सामने आई थी। अब सबकी नजर कंपनी की आधिकारिक लॉन्च योजना और भारतीय बाजार में कीमतों पर रहेगी।