यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की रणनीति पर चर्चा तेज हो गई है। आगामी चुनाव में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच हुई बैठक में चुनावी तालमेल और सीट शेयरिंग जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। लोकसभा चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन के तहत दोनों पार्टियों ने मिलकर चुनाव लड़ा था और अब विधानसभा चुनाव में भी इस सहयोग को आगे बढ़ाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। हालांकि, सीटों की संख्या और किन विधानसभा क्षेत्रों में कौन-सी पार्टी चुनाव लड़ेगी, इसे लेकर अंतिम सहमति का इंतजार है। ऐसे में यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर सपा-कांग्रेस गठबंधन का स्वरूप क्या होगा और दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा किस आधार पर तय होगा, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।

खबर के मुताबिक, कांग्रेस ने यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी है। हालांकि, इस मांग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कांग्रेस की ओर से सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जिसमें प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद शामिल हैं। वहीं, सपा की ओर से अखिलेश यादव समेत वरिष्ठ नेताओं के बातचीत में शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस की रणनीति उन सीटों पर ज्यादा ध्यान देने की है, जहां पार्टी का संगठन मजबूत है और जीतने की संभावना बेहतर है। अब 17 नवंबर की बैठक में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर क्या सहमति बनती है, यह देखना अहम होगा