बिजनौर : चांगीपुर बिंदल शुगर मिल में 77वां गणतंत्र दिवस, तकनीक-किसान-विकास का संकल्प
25 जनवरी 2026 को 5:29 pm बजे
बिजनौर : चांगीपुर बिंदल शुगर मिल में 77वां गणतंत्र दिवस, तकनीक-किसान-विकास का संकल्प बिजनौर जनपद के नूरपुर क्षेत्र स्थित चांगीपुर बिंदल शुगर मिल में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मिल परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा अधिकारियों व कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिल के CGM शासी गुप्ता ने कहा कि चांगीपुर बिंदल शुगर मिल तकनीक के क्षेत्र में शुगर इंडस्ट्री की अग्रणी मिलों में से एक है। उन्होंने बताया कि यह मिल एशिया की अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित मिलों में गिनी जाती है। मिल की उन्नत तकनीक का अध्ययन करने के लिए अब तक जापान, स्कॉटलैंड, स्वीडन, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, लैटिन अमेरिका, केन्या, यूगांडा, इथियोपिया सहित करीब 22 देशों के विशेषज्ञ यहां आ चुके हैं और इसकी तकनीक से प्रभावित होकर अपने देशों में इसे अपनाने की इच्छा जता चुके हैं।CGM शासी गुप्ता ने बताया कि गन्ने में फैल रही बीमारियों के कारण वर्तमान में मिल को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मिल की दैनिक पेराई क्षमता 95 हजार कुंतल है, जबकि वर्तमान में केवल 35 से 45 हजार कुंतल गन्ने की ही आपूर्ति हो रही है। गन्ने की कमी से मिल और किसान दोनों प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की उन्नति से ही मिल की उन्नति संभव है।उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा सीमित गन्ना क्षेत्र आवंटित किए जाने के कारण मिल को गन्ने की कमी का सामना करना पड़ रहा है। यदि गन्ना क्षेत्र बढ़ाया जाए तो मिल अपनी पूरी क्षमता से पेराई कर सकती है और जिले के साथ-साथ देश व एशिया में भी नई पहचान बना सकती है।CGM ने किसानों से अपील की कि वे भारत व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त उन्नत गन्ना प्रजातियों की खेती करें और साफ-सुथरा, पत्तियों व कचरे से रहित गन्ना मिल में आपूर्ति करें, जिससे किसानों और मिल दोनों को लाभ हो।गन्ना भुगतान को लेकर उन्होंने कहा कि बिंदल शुगर मिल चांगीपुर किसानों को सात दिन के भीतर भुगतान कर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में प्रथम स्थान पर है, जिससे किसानों का मिल पर विश्वास और मजबूत हुआ है।कार्यक्रम के अंत में देश के विकास, किसानों की समृद्धि और मिल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। 📍 बिजनौर | लोकतंत्र लाइव टीवी की वीडियो रिपोर्ट
