,मलिहाबाद में 95 जोड़ों का सामूहिक विवाह,मुख्यमंत्री योजना से गरीबों की मदद
16 फ़रवरी 2026 को 6:25 pm बजे
मलिहाबाद में 95 जोड़ों का सामूहिक विवाह,मुख्यमंत्री योजना से गरीबों की मदद लखनऊ:मलिहाबाद के रजवाड़ा लॉन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 95 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर विकास खंड बक्शी का तालाब के 60, काकोरी के 19, चिनहट के 4, नगर पंचायत बक्शी का तालाब के 9 और नगर पंचायत महोना के 3 जोड़ों सहित कुल 95 जोड़ों का विवाह कराया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की पूरी व्यवस्था कर रही है। योजना के तहत प्रत्येक कन्या के खाते में 60 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा विवाह स्थल पर 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है और 15 हजार रुपये में विवाह की पूरी व्यवस्था विभाग द्वारा की जाती है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और नशा उन्मूलन में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में बक्शी का तालाब ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामेंद्र सिंह और खंड विकास अधिकारी ने सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री वितरित की। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम विधानसभा स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। 18 फरवरी को विकास खंड मलिहाबाद में 100 जोड़ों का विवाह प्रस्तावित है। वहीं गोसाईगंज के विशाल लॉन में विकास खंड गोसाईगंज और सरोजनीनगर के 86 जोड़ों का विवाह भी कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी मलिहाबाद अंकित कुमार और उपायुक्त मनरेगा सुशील कुमार सिंह ने स्वयं निगरानी में विवाह संपन्न कराया। साथ ही खंड विकास अधिकारी बक्शी का तालाब, चिनहट, काकोरी और मलिहाबाद सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और व्यवस्थाएं संभालीं।
