मंगल पर तेज दौड़ता है समय! आइंस्टीन की थ्योरी ने नासा की नींद उड़ाई | चौंकाने वाला खुलासा
13 दिसंबर 2025 को 2:03 pm बजे
मंगल पर तेज दौड़ता है समय! आइंस्टीन की थ्योरी ने नासा की नींद उड़ाई | चौंकाने वाला खुलासा क्या आपको लगता है कि समय हर जगह एक जैसा चलता है. अगर हां, तो आप गलत हैं. हमारे पड़ोसी ग्रह मंगल पर समय पृथ्वी की तुलना में थोड़ा तेज चलता है. यह सुनने में किसी साइंस फिक्शन फिल्म की कहानी जैसा लग सकता है. लेकिन यह सच है. महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन ने दशकों पहले जो कहा था, वह आज फिर सही साबित हुआ है. नई रिसर्च के मुताबिक, लाल ग्रह पर घड़ियां पृथ्वी की घड़ियों से आगे निकल जाती हैं. यह अंतर भले ही बहुत छोटा हो, लेकिन भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए यह बहुत बड़ी चुनौती है. रिसर्चर्स ने पाया है कि मंगल पर घड़ियां हर 24 घंटे में पृथ्वी की तुलना में औसतन 0.477 मिलीसेकंड (477 माइक्रोसेकंड) तेज चलती हैं. यह सुनने में शायद आपको बहुत कम लगे. एक सेकंड का हजारवां हिस्सा भी नहीं. लेकिन विज्ञान की दुनिया में और खासकर स्पेस मिशन में यह अंतर बहुत मायने रखता है. नेविगेशन और कम्युनिकेशन के लिए समय का बिल्कुल सटीक होना जरूरी है. अगर यह छोटा सा अंतर सही नहीं किया गया तो अंतरिक्ष यात्रियों का रास्ता भटक सकता है. वैज्ञानिकों का कहना है कि यह अंतर जानना इसलिए भी जरूरी है ताकि भविष्य में पूरे सौरमंडल में एक ‘इंटरनेट’ स्थापित किया जा सके.अब सवाल उठता है कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है. इसका जवाब अल्बर्ट आइंस्टीन की ‘जनरल रिलेटिविटी’ की थ्योरी में छिपा है. आइंस्टीन ने बताया था कि समय गुरुत्वाकर्षण यानी ग्रेविटी पर निर्भर करता है. जहां गुरुत्वाकर्षण ज्यादा होता है, वहां समय धीमा चलता है. और जहां गुरुत्वाकर्षण कम होता है, वहां समय तेज भागता है.इसे एक आसान उदाहरण से समझिए. जो लोग समुद्र तल पर रहते हैं, उनकी तुलना में पहाड़ की ऊंचाई पर रहने वाले लोगों के लिए समय थोड़ा तेज चलता है. क्योंकि ऊंचाई पर पृथ्वी की ग्रेविटी का असर थोड़ा कम हो जाता है. मंगल ग्रह का द्रव्यमान पृथ्वी से कम है. इसलिए वहां का गुरुत्वाकर्षण भी कमजोर है. यही कारण है कि वहां समय की रफ्तार तेज है.इतनी गहरी रिसर्च के बावजूद वैज्ञानिक मानते हैं कि अभी भी कुछ कमियां हैं. उनकी गणना में अब भी हर दिन लगभग 100 नैनोसेकंड की गलती हो सकती है. यह बहुत ही सूक्ष्म अंतर है. लेकिन लंबे समय में यह बड़ा बन सकता है.इसका मतलब यह है कि अगर हम मंगल पर घड़ियां लगाते हैं, तो उन्हें हर 100 दिन में दोबारा सेट करना पड़ सकता है. ग्रहों के घूमने में होने वाले छोटे-मोटे बदलावों को अभी पूरी तरह समझा नहीं गया है. फिर भी, यह स्टडी अंतरिक्ष के समय को समझने की दिशा में एक बड़ा कदम है. The Astronomical Journal में छपी यह रिसर्च बताती है कि ब्रह्मांड में समय एक सीधा रास्ता नहीं, बल्कि एक टेढ़ी-मेढ़ी पहेली है.
