"विश्व का सबसे बड़ा रामायण मंदिर: बिहार में 500 करोड़ की भव्य परियोजना का निर्माण जोड़ रहा इतिहास!"
28 नवंबर 2025 को 12:46 pm बजे
विश्व का सबसे बड़ा रामायण मंदिर: बिहार में 500 करोड़ की भव्य परियोजना का निर्माण जोड़ रहा इतिहास! बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड में चकिया-केसरिया पथ पर कैथवलिया गांव के निकट बन रहे विश्व के सबसे बड़े रामायण-केंद्रित मंदिर ‘विराट रामायण मंदिर’ का निर्माण कार्य और तेज हो चुका है. पटना के महावीर मंदिर ट्रस्ट द्वारा 500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित भव्य परियोजना का निर्माण कार्य अपने निर्धारित समय में ही पूरा होने की उम्मीद है. 1080 फीट लंबा, 540 फीट चौड़ा और 140 एकड़ में फैला यह 500 करोड़ का भव्य परिसर 270 फीट ऊंचे मुख्य शिखर सहित कुल 12 शिखरों वाला होगा. मंदिर के लिए तमिलनाडु के महाबलीपुरम से 33 फुट ऊंचा और 210 मीट्रिक टन वजनी दुनिया का सबसे बड़ा ग्रेनाइट शिवलिंग 21 नवंबर को रवाना हो चुका है जो दिसंबर के तीसरे या अंतिम सप्ताह तक पहुंच जाएगा. इसकी स्थापना नए साल की शुरुआत में होने की उम्मीद है. मंदिर का मूल ढांचा का निर्माण जारी है. गर्भगृह, परकोटा, प्रांगण, प्रवेश द्वार, सिंह द्वार, गणेश स्थल, नंदी मंडप और मुख्य पाइलिंग के कार्य कुल 3,246 पाइल पूर्णता की ओर पहुंच रहे हैं. अब तीसरा चरण चल रहा है, जिसमें 12 शिखरों का निर्माण, दीवारों पर रामायण कथाओं की चित्रकारी और बाहरी फिनिशिंग शामिल है. चुनार के चूना पत्थरों का उपयोग बाहरी सतह के लिए किया जा रहा है जो मौसम प्रतिरोधी और शैवाल-मुक्त हैं. टाटा कंसल्टेंसी इंजीनियर्स और सनटेक इंफ्रा सॉल्यूशंस मुख्य ठेकेदार हैं, जबकि गुजरात की त्रिवेदी कॉर्पोरेशन फिनिशिंग कार्य के लिए प्रस्ताव दे चुकी है. मंदिर का आकार 1080 फीट लंबा और 540 फीट चौड़ा है जो अयोध्या के राम मंदिर से तीन गुना बड़ा होगा. कुल परिसर 140 एकड़ में फैला है, जिसमें 22 छोटे मंदिर राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान आदि को समर्पित और 20,000 श्रद्धालुओं की क्षमता वाला सभागार शामिल है.मंदिर का सबसे बड़ा आकर्षण 33 फुट ऊंचा ब्लैक ग्रेनाइट शिवलिंग होगा जिसका निर्माण 10 वर्षों की मेहनत से महाबलीपुरम में पूरा हो चुका है. 3 करोड़ रुपये की लागत से बने इस शिवलिंग को विशेष 96 चक्के वाले ट्कर से लाया जा रहा है. पांच किमी प्रति घंटे की गति से यह दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक कैथवलिया पहुंच जाएगा. महावीर मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, यह शिवलिंग न केवल आकार में विशाल है, बल्कि रामायण की आध्यात्मिकता को प्रतिबिंबित करेगा.यह मंदिर केवल पत्थरों का संग्रह नहीं, बल्कि रामायण की अमरकथा का जीवंत स्वरूप होगा. दुनिया भर से भक्त यहां आएंगे और बिहार पर्यटन का नया केंद्र बनेगा.निर्माण में 2,101 स्तंभ और 136 शिखर स्तंभ शामिल हैं जो 250 वर्षों तक टिकाऊ होंगे. यदि आप मंदिर दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो वर्तमान में निर्माण स्थल पर सीमित पहुंच है, लेकिन 2026 से पूर्ण रूप से खुल जाएगा. यह परियोजना न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और आर्थिक क्रांति का प्रतीक तो है ही, यह बिहार का नया स्वर्णिम अध्याय भी है 📍 बिहार | लोकतंत्र लाइव टीवी की वीडियो रिपोर्ट
