अपमान पर अखिलेश का तीखा हमला, लोगों को लड़ाने में भाजपा नंबर वन!
28 फ़रवरी 2026 को 6:55 pm बजे
अपमान पर अखिलेश का तीखा हमला, लोगों को लड़ाने में भाजपा नंबर वन! सपा अध्यक्ष शनिवार को दोपहर बाद लखनऊ से कार से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के फगुआ टोलाप्लाजा होकर तिर्वा के खैरनगर राेड पर स्थित बहसार गांव में पूर्व संस्थागत वित्त महानिदेशक शिव सिंह यादव के पिता लक्ष्मीनारायण के निधन पर शांति पाठ में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। उन्हाेंने पूर्व महानिदेशक को सांत्वना दी। श्रद्धांजलि के बाद करीब 15 मिनट तक स्वजन के बीच बैठे रहे।इसके बाद प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा ने शंकराचार्य का अपमान किया। इससे साबित हो रहा कि भाजपा को धर्म से नहीं, खुद से मतलब है। सांप्रदायिक सौहार्द तोड़ने में भाजपा हर मर्यादा को तोड़ देती है। महंगाई, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा पर बात नहीं करना चाहती। यह सिर्फ आपस में लोगों को लड़ाने का काम करती है।उन्हाेंने कहा कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल व उनकी सरकार के मंत्री मनीष सिसौदिया समेत 23 लोगों को शराब घोटाले में फंसाकर चुनाव को प्रभावित किया। सीबीआइ ने भी उनके इशारे पर काम किया। जब कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिले तो न्यायालय से बरी हुए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कलीम खां, जिला प्रवक्ता विजय द्विवेदी, इं.अनिल पाल, देवेंद्र प्रताप सिंह, अंशुल गुप्ता, इंद्रेश यादव, बिट्टू सिद्दीकी, अवनीश यादव, अंशू पाल, अवनीश पटेल समेत कई लोग मौजूद रहे।सपा अध्यक्ष जब कार्यक्रम में पहुंचे तो कुक्कू चौहान से सामने थे। कुक्कू से बोले, होर्डिंग बहुत लगाए हो। रास्ते में देख रहे थे। इसके बाद उन्होंने कई नेताओं से पार्टी की नीतियों को जनता के बीच लेकर जाने की बात कही।सपा अध्यक्ष के आने से पहले लोक निर्माण विभाग के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव भी काफिले के साथ पहुंचे। करीब 20 मिनट तक रुके और श्रद्धांजलि देने के बाद चले गए। पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की।
