देवास सिविल लाइन क्षेत्र में पेट्रोल पंप कैशियर से 2 लाख की लूट का 15 दिन में खुलासा
27 दिसंबर 2025 को 3:34 pm बजे
देवास सिविल लाइन क्षेत्र में पेट्रोल पंप कैशियर से 2 लाख की लूट का 15 दिन में खुलासा देवास में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तहत पेट्रोल पंप कैशियर से हुई करीब दो लाख रुपये की लूट का पुलिस ने सिर्फ 15 दिनों में खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई शत-प्रतिशत रकम और सामान बरामद कर लिया है। दरअसल, 13 दिसंबर की रात उज्जैन रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप से कैशियर आनंद देशमुख पेट्रोल-डीजल की बिक्री की नगदी लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनसे बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत जांच शुरू की। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पहले पेट्रोल पंप के ही कर्मचारी सूरज परमार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि शादी के लिए पैसों के लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। इसके बाद पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम, घटना में प्रयुक्त बाइक, बैग और जरूरी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। देवास पुलिस का कहना है कि इस साल जिले में दर्ज सभी लूट के मामलों का शत-प्रतिशत खुलासा किया गया है, जो पुलिस की सक्रियता और मजबूत निगरानी व्यवस्था को दर्शाता है।
