देवास: ट्रैक्टर -टोचन प्रतियोगिता विवाद, ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
20 जनवरी 2026 को 5:11 pm बजे
देवास: ट्रैक्टर -टोचन प्रतियोगिता विवाद, ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग खातेगांव तहसील के अजनास नगर में ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता के दौरान हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। रविवार को हुई प्रतियोगिता में देवलां निवासी मनीष जाट के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने 15 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ बलवा समेत कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। सोमवार को जाट समाज ने आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी और जुलूस निकालने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद मंगलवार को अजनास के नागरिकों ने एफआईआर को एकतरफा कार्रवाई बताते हुए नगर बंद का आह्वान किया। इस दौरान सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और ग्रामीणों ने रैली निकालकर निष्पक्ष न्याय की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के समय जो लोग मौके पर मौजूद नहीं थे, उनके नाम भी दबाव में एफआईआर में शामिल कर दिए गए हैं। ग्रामीणों ने यह स्वीकार किया कि घटना गलत थी, लेकिन इसके नाम पर पूरे नगर की छवि को बदनाम करना उचित नहीं है। निष्पक्ष जांच और केवल वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सभी ग्रामीण मंगलवार को खातेगांव एसडीएम कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम प्रवीण प्रजापती को ज्ञापन सौपा इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रही।
