पुणे: महाराष्ट्र की राजनीति के प्रमुख पवार परिवार में खुशियों का माहौल है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और दिवंगत महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे एवं राज्यसभा सांसद पार्थ पवार ने कायनात दारा (धार) के साथ सगाई कर ली। यह समारोह पुणे में बेहद भव्य अंदाज में आयोजित किया गया, जिसमें राजनीति, उद्योग जगत और समाज की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं।
सगाई समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार, सांसद सुप्रिया सुले सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदारों और मित्रों ने भी नवदंपति को शुभकामनाएं दीं।
कायनात दारा चंडीगढ़ की रहने वाली हैं और मीडिया तथा उद्यमिता से जुड़ी रही हैं। वहीं पार्थ पवार हाल ही में राज्यसभा सांसद बने हैं और महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। दोनों परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सगाई की रस्म पूरी की।








