*इंजीनियर हत्याकांड में आरोपियो का दर्ज हुआ बयान*
*सफाई साक्ष्य व फाइनल बहस की कार्यवाही में पहुची पत्रावली*
———————————
सुल्तानपुर। जल निगम के इंजीनियर संतोष कुमार हत्याकांड में आरोपियो का बयान दर्ज करने के लिए सोमवार की तारीख नियत रही। मामले में जेल से तलब आरोपी अमित कुमार शाह व प्रदीप का बयान दर्ज हुआ। स्पेशल जज एससी-एसटी एक्ट राकेश पाण्डेय की अदालत ने मामले में आरोपियो का बयान दर्ज करने की कार्यवाही पूरी होने के बाद पत्रावली सफाई साक्ष्य व बहस के लिए नियत कर दी है। मामले में अगली सुनवाई के लिए 11 सितंबर की तारीख तय की गई है।
कोतवाली नगर के विनोवापुरी मोहल्ले में किराए के मकान में रहने वाले अधिशासी अभियंता संतोष कुमार की 17 अगस्त साल 2024 को हत्या कर दी गई थी। मामले में जल निगम के सहायक अभियंता अमित कुमार शाह व सह आरोपी प्रदीप राम के खिलाफ चार्जशीट पेश की गई है,जिनके खिलाफ स्पेशल कोर्ट में विचारण चल रहा है। इस मामले को मिशन कनविक्शन के तहत चिन्हित किया गया है,जिसके चलते अदालत शीघ्रता से मामले का निपटारा करने के लिए लगातार सुनवाई कर रही है। आरोपियो का बयान दर्ज करने की कार्यवाही कई तिथियों बाद सोमवार को पूरी हुई। आरोपियो ने अपने बयान में गलत तरीके से केस में आरोपी बनाने की बात कही है।








