टीवी इंडस्ट्री की मशहूर कॉमेडियन और होस्ट भारती सिंह आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और दमदार मेहनत के दम पर उन्होंने मनोरंजन जगत में एक अलग मुकाम हासिल किया है। लेकिन सफलता की यह कहानी आसान नहीं रही। एक समय ऐसा भी था जब भारती और उनका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और कई बार पेटभर खाना तक नसीब नहीं होता था। आज वही भारती करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं और बेहद लग्जरी लाइफस्टाइल जीती हैं।
भारती सिंह का जन्म पंजाब के अमृतसर में हुआ था। बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी मां पर आ गई। भारती कई इंटरव्यू में बता चुकी हैं कि उनकी मां ने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए बेहद कठिन मेहनत की। आर्थिक हालात इतने खराब थे कि कई बार परिवार को सिर्फ नमक-रोटी खाकर गुजारा करना पड़ता था।
कॉमेडी रियलिटी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली भारती ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद उन्होंने कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो, लाफ्टर शेफ्स और कई बड़े टीवी शोज़ में अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीता। आज वह देश की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली महिला कॉमेडियन और टीवी होस्ट्स में गिनी जाती हैं।








