नई दिल्ली। संसद के दोनों सदनों से एंटी पेपर लीक विधेयक पारित होने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पेपर लीक जैसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अमित शाह ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कानून उन लाखों मेहनती छात्रों के हितों की रक्षा करेगा, जो ईमानदारी से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक माफिया लंबे समय से युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ कर रहे थे, लेकिन अब उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
गृह मंत्री ने कहा कि इस कानून के लागू होने के बाद परीक्षा में गड़बड़ी, प्रश्नपत्र लीक कराने, संगठित नकल और तकनीकी माध्यमों से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “पेपर लीक में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेंगे।”








