मुंबई: हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम सिनेमा में अपनी दमदार खलनायकी से अलग पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर ने की है। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले उन्होंने कैंसर को मात दे दी थी, लेकिन हाल ही में बीमारी दोबारा लौट आई, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदीप रावत ने 4 अगस्त की शाम मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले कुछ समय से उनका इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य में लगातार गिरावट और प्लेटलेट्स की संख्या कम होने के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई थी। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक ‘महाभारत’ में उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। हालांकि, उन्हें सबसे अधिक लोकप्रियता आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘गजनी’ में निभाए गए खतरनाक विलेन के किरदार से मिली। इसके अलावा ‘लगान’, ‘सरफरोश’ और कई अन्य फिल्मों में भी उनके अभिनय को खूब सराहा गया।








