जयपुर, 13 मई । राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान, कला जत्था एवं संध्या चौपाल कार्यक्रम में मंगलवार को राजस्थान सरकार के विधि एवं संसदीय मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने विधानसभा क्षेत्र शाहपुरा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनसुनवाई एवं संध्या चौपाल में शिरकत की।
प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास एवं किसानों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने 23 से 25 मई 2026 तक जेईसीसी सीतापुरा, जयपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिकाधिक किसानों एवं ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि कृषक नवीन तकनीकों, योजनाओं एवं विभागीय सुविधाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान कृषि, पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं पर जनसुनवाई की गई। कृषकों द्वारा फसल सुरक्षा, सिंचाई सुविधा, कृषि अनुदान एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित समस्याएं रखी गईं, जिनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।







