झारखंड के जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एलआईसी बिल्डिंग में आधी रात के बाद अचानक आग लग गई। रात करीब 2 बजे चौथी मंजिल से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर झारखंड अग्निशमन विभाग के साथ टाटा स्टील की फायर टीम भी पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

करीब चार दमकलों की मदद से अग्निशमन कर्मियों ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 4 बजे आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस और दमकल टीम ने बिल्डिंग में फंसे दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है। हालांकि, आग के कारण बिल्डिंग में रखे दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान को काफी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों के साथ-साथ संपत्ति को हुए नुकसान का भी आकलन कर रही है। घटना के बाद बिल्डिंग में सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों को लेकर भी जांच की जा रही है।