जयपुर जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिले के प्रमुख कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और कोचिंग संस्थानों में पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी कोचिंग संस्थान 31 जुलाई 2026 तक अपनी प्रमाणित ईज़ी एग्जिट पॉलिसी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी विद्यार्थी को संस्थान छोड़ने या फीस संबंधी विवादों में परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, भवन सुरक्षा और अन्य सुरक्षा मानकों की अनुपालना रिपोर्ट भी इसी अवधि में जमा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक कोचिंग संस्थान में पर्याप्त संख्या में मनोवैज्ञानिक, मनोचिकित्सक और काउंसलर नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। सभी संस्थानों को उनकी अद्यतन सूची और संपर्क विवरण 31 जुलाई तक जिला प्रशासन को सौंपना होगा। इसके अलावा पीएचक्यू-9 जैसे मानसिक स्वास्थ्य मूल्यांकन, नियमित काउंसलिंग सत्र, प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र, प्रशिक्षित गेटकीपर, टोल-फ्री हेल्पलाइन और स्पष्ट ऑनलाइन-ऑफलाइन स्विचिंग पॉलिसी लागू करने के भी निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जो संस्थान स्वयं प्रशिक्षण कराने में सक्षम नहीं होंगे, उन्हें प्रशासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना सभी कोचिंग संस्थानों की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संस्थानों से शासन के दिशा-निर्देशों, सुरक्षा मानकों और नियामक प्रावधानों का समयबद्ध पालन करने का आह्वान किया। साथ ही नकल विरोधी अधिनियम को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, प्रमुख स्थानों पर सूचना सामग्री प्रदर्शित करने और विद्यार्थियों को अफवाहों से बचाने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य जयपुर के सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षित, पारदर्शी, तनावमुक्त और छात्र-केंद्रित शिक्षण वातावरण विकसित करना है।







