आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट की अपकमिंग फिल्म ‘डोंट बी शाई’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है और रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। यंग-एडल्ट कहानी पर आधारित यह फिल्म प्यार, दोस्ती, दिल टूटने और जिंदगी में लिए गए गलत फैसलों के बीच अपनी पहचान तलाशने वाले युवाओं की कहानी दिखाती है।
फिल्म में चार नए कलाकार आरुषि बजाज, अंश दुग्गल, बियांका अरोड़ा और पीयूष खाटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में इन किरदारों की दोस्ती, रिश्तों की उलझन और बदलती भावनाओं की झलक देखने को मिलती है। कहानी आज की Gen-Z पीढ़ी के उन अनुभवों को सामने लाती है, जिनमें दोस्ती और प्यार के साथ-साथ करियर, सपने और खुद को समझने की चुनौती भी शामिल है।
‘डोंट बी शाई’ को श्रीति मुखर्जी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म को आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने अपने प्रोडक्शन बैनर इंटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के तहत प्रोड्यूस किया है। फिल्म में कुणाल रॉय कपूर, अनुराग बसु, नेहा धूपिया और अंजू अल्वा नाइक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।








