आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर विधायक एवं मुख्य सचेतक रफीक खान के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों, बिजली-पानी संकट तथा युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। घाट गेट स्थित नवाब का चौराहा पर आयोजित इस प्रदर्शन में रामगंज एवं आदर्श नगर ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते हुए आम जनता की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद हाजी उमर दराज की टीम सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

इस अवसर पर कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष रानी लुबना ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कारोबार और रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं, फिर भी आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। रानी लुबना ने सरकार से जनहित में कदम उठाते हुए महंगाई पर नियंत्रण करने और आम लोगों को राहत देने की मांग की।