आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में हो चुका है। यह टूर्नामेंट अब तक का सबसे बड़ा महिला टी20 वर्ल्ड कप माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार इसमें 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पूरे टूर्नामेंट में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे और फाइनल 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित होगा।
इस बार प्रतियोगिता में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका समेत 12 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। मुकाबले इंग्लैंड और वेल्स के सात प्रमुख स्टेडियमों में खेले जाएंगे, जिनमें लॉर्ड्स, द ओवल, ओल्ड ट्रैफर्ड और हेडिंग्ले जैसे प्रतिष्ठित मैदान शामिल हैं। टूर्नामेंट का विस्तार महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता का बड़ा संकेत माना जा रहा है।
इनामी राशि की बात करें तो आईसीसी ने इस बार रिकॉर्ड प्राइज पूल घोषित किया है। विजेता टीम को 23.4 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक) मिलेंगे, जबकि उपविजेता टीम को 11.7 लाख अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 6.75 लाख अमेरिकी डॉलर मिलेंगे। इतना ही नहीं, ग्रुप स्टेज में हर जीत पर भी अलग से पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।








