लखनऊ। राजधानी के गाज़ीपुर थाना क्षेत्र स्थित मुंशी पुलिया के पास संचालित बताए जा रहे एक हुक्का लाउंज को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि रिंग रोड पर पेट्रोल पंप के सामने स्थित “पनोरमा” हुक्का लाउंज में देर रात तक युवाओं की भीड़ लगी रहती है और हुक्का परोसे जाने की गतिविधियां संचालित होती हैं।
जानकारी के मुताबिक, लाउंज से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए हैं। इन वीडियो में कथित तौर पर देर रात तक लोगों की मौजूदगी और हुक्का परोसे जाने के दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की गतिविधियां देर रात तक संचालित हो रही हैं, तो इससे आसपास के क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो सकता है। उनका आरोप है कि शिकायतों और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बावजूद अब तक किसी स्पष्ट कानूनी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।








