मुंबई। भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक कार्यक्रम के दौरान रेड कार्पेट पर एक आवारा कुत्ता बैठा दिखाई देता है। इसके बाद कथित तौर पर उसे वहां से हटाया जाता है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। इस वीडियो पर अब बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मलाइका अरोड़ा ने वायरल वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा, “ये कैसे लोग हैं? और ये आदमी कौन है जो खड़ा होकर पोज दे रहा है? डिस्गस्टिंग!” वहीं एक अन्य प्रतिक्रिया में उन्होंने सवाल किया, “ये बेवकूफ कौन है? क्या पोज देना इतना जरूरी है?” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मामला और गर्मा गया।
वायरल क्लिप में दिखाई देता है कि फोटो सेशन के दौरान कुत्ता रेड कार्पेट पर बैठा रहता है। जब वह नहीं हटता, तो वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति उसे पैरों से हटाने और खींचकर ले जाने की कोशिश करता है। इस व्यवहार को लेकर पशु प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताई है। हालांकि, वीडियो से यह स्पष्ट नहीं होता कि कुत्ते को हटाने वाले व्यक्ति के निर्देश किसने दिए थे।








