जयपुर, 13 मई । राजस्थान विधि सेवा संवर्ग के अधिकारियों द्वारा शासन सचिवालय स्थित मंत्रालय भवन, जयपुर में राज्य के माननीय विधि मंत्री श्री जोगाराम पटेल के सम्मान में मंगलवार को स्वागत एवं बधाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विधि मंत्री का भव्य एवं गरिमामय स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि दिनांक 9 मई 2026 प्रदेश एवं विधि विभाग के लिए गौरवपूर्ण दिवस रहा, जब जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में राजस्थान विधि सेवा संवर्ग, विधि रचनाकार सेवा के अधिकारियों सहित प्रदेशभर के लोक अभियोजकों एवं अपर लोक अभियोजकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, भारत सरकार के माननीय विधि मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान सरकार के माननीय विधि मंत्री श्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवासन, राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश श्री संजीव प्रकाश शर्मा, महाधिवक्ता श्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा तथा पुलिस महानिदेशक श्री राजीव शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं विधि क्षेत्र से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस दौरान राजस्थान विधि सेवा संवर्ग के “लोगो” का भी अतिथियों द्वारा लोकार्पण किया गया।







