मुंबई। सावन के पहले सोमवार के अवसर पर अभिनेता सौरभ राज जैन पूरी तरह शिवभक्ति में रंगे नजर आए। महादेव की भूमिका निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले सौरभ ने इस पावन अवसर पर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपनी भक्ति से जुड़ी तस्वीरें और संदेश सोशल मीडिया पर साझा किए, जिन्हें प्रशंसकों ने खूब पसंद किया।
सौरभ राज जैन ने अपने पोस्ट में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं को सावन के पहले सोमवार की शुभकामनाएं दीं। तस्वीरों में वह शिवलिंग का जलाभिषेक करते, पूजा-अर्चना करते और ध्यान मुद्रा में नजर आए। उनके इस आध्यात्मिक अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया।
सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए बेहद पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि इस दौरान शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी वजह से देशभर के शिवालयों में पहले सोमवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।








