पिछले सप्ताह भारी गिरावट झेलने के बाद सप्ताह की शुरुआत में सोने की कीमतों ने जोरदार वापसी की है। सोमवार (22 जून) को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। पिछले सप्ताह सोना 10 ग्राम पर ₹5,000 से अधिक टूट गया था, लेकिन आज इसमें करीब ₹800 प्रति 10 ग्राम की तेजी देखने को मिली। वहीं चांदी की कीमत में ₹4,000 प्रति किलोग्राम का उछाल आया है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में सकारात्मक प्रगति तथा वैश्विक बाजार में सुरक्षित निवेश (Safe Haven) की मांग बढ़ने से सोने की कीमतों को सहारा मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड भी एक सप्ताह के निचले स्तर से उबरकर बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।
एमसीएक्स (MCX) पर भी सोने और चांदी के वायदा भाव में मजबूती दर्ज की गई। देश के प्रमुख सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिली, जबकि चांदी के भाव में भी उल्लेखनीय तेजी दर्ज की गई।








