जयपुर, 23 मई 2026। भारत सरकार द्वारा आयोजित 19वें रोजगार मेले का आयोजन आज देशभर के 47 स्थानों पर किया गया। राजस्थान में यह कार्यक्रम जयपुर, जोधपुर, अजमेर एवं बीकानेर में आयोजित हुआ। रोजगार मेले के माध्यम से भारत सरकार के 8 विभिन्न मंत्रालयों/विभागों, जैसे रेल मंत्रालय, डाक विभाग, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर देशभर में 51,000 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
डीआईओ, एनआईसी जयपुर श्री जितेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री माननीय श्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री माननीय श्री भूपेंद्र यादव, जयपुर शहर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा तथा सिविल लाइंस विधायक श्री गोपाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान माननीय अतिथियों द्वारा जयपुर जिले में लगभग 420 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थी एवं अतिथि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जुड़े। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।







