Aban Ahmed Video: माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद का सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 30 सेकंड का ‘दबंगई’ वीडियो अब उसके लिए मुसीबत का कारण बन गया है। धूमनगंज थाने में एसआई आदित्य सिंह की तहरीर पर अबान अहमद और वह इंस्टाग्राम आईडी, जिस पर यह वीडियो अपलोड हुआ, उसके क्रिएटर हमजा के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। इसके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध भी केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में दिखा लग्ज़री गाड़ियों का काफिला
बीते दिनों सोशल मीडिया पर अबान अहमद का एक 30 सेकंड का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह एक विवाह समारोह में दिखाई दे रहा है, जहां उसके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। बैकग्राउंड में ‘हम कुत्तों की तरह पीछे से वार नहीं करते’ और ‘हम दिल भी रखते हैं और असलहा भी’ जैसे आपत्तिजनक और धमकी भरे डायलॉग सुनाई दे रहे थे।
वीडियो में लग्ज़री गाड़ियों का काफिला भी देखा गया, जबकि अबान अहमद को दबंग अंदाज में चलते हुए दिखाया गया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रतिक्रियाएँ आने लगीं, जिसने मामले को और संवेदनशील बना दिया।







